Bokaro: जिले के कसमार प्रखंड के गोलक नाथ महतो पिछले कई दिनों से अपनी बहू के मृत्यु प्रमाण पत्र में हुई त्रुटि को लेकर परेशान थे। इस त्रुटि के कारण उन्हें मुआवजा राशि प्राप्त नहीं हो रही थी और परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। उनका दुख देखते हुए जनता दरबार का मंच उनके लिए नई उम्मीद लेकर आया।
जनता दरबार में तत्काल समाधान
शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में गोलक नाथ महतो अपनी समस्या लेकर पहुंचे। महज आधे घंटे में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने मामले का समाधान सुनिश्चित किया। राहत पाते ही गोलक नाथ महतो भावुक हो उठे और कहा, “मैं कई दिनों से दर-दर भटक रहा था। आज प्रशासन ने मेरी तकलीफ समझी और तुरंत राहत दी। अब परिवार को बड़ा सहारा मिलेगा।”

त्रुटिपूर्ण मृत्यु प्रमाण पत्र के कारण समस्या
गोलक नाथ महतो की बहू का निधन जरीडीह प्रखंड में वज्रपात से हुआ था। जारी मृत्यू प्रमाण पत्र में त्रुटि होने के कारण गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन से मिलने वाले मुआवजा में बाधा आ रही थी। जनता दरबार की तत्परता से इस समस्या का तुरंत समाधान किया गया।
जनता दरबार से लोगों को नई आशा
आज के जनता दरबार में कुल 23 मामलों की सुनवाई हुई। कई मामलों का ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया। शेष मामलों पर उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।
