Bokaro: गुरु गोबिंद सिंह पब्लिक स्कूल (GGPS), बोकारो की छात्रा अरिबा हसन ने राज्य-स्तरीय पाठ-कविता वाचन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर झारखंड के राज्यपाल (Governor) संतोष गंगवार ने उन्हें सम्मानित किया। अरिबा की यह सफलता प्रतिभा, सतत अभ्यास और अनुशासन का सशक्त उदाहरण मानी जा रही है।
प्रतियोगिता का आयोजन 57वें वार्षिक कार्यक्रम “एक नए और सशक्त भारत का निर्माण” के अंतर्गत “भारत का पुनर्निर्माण” विषय पर 12 जनवरी 2026 को रामकृष्ण मिशन आश्रम, मोरहाबादी (रांची) में किया गया। राज्य-स्तरीय समारोह में कक्षा V से VII वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए अरिबा हसन ने सस्वर पाठ में भावपूर्ण प्रस्तुति, स्पष्ट उच्चारण और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से निर्णायकों को प्रभावित किया।
सम्मान समारोह में राज्यपाल ने अरिबा की मंचीय प्रस्तुति और आत्मविश्वास की सराहना की। GGPS विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक कुमार ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रतिभा-निखार की परंपरा को दर्शाती है। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष तरसेम सिंह और सचिव एस.पी. सिंह ने भी अरिबा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


