Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर आयोजन समिति की ओर से “निष्ठा” पहल की शुरुआत की गई। इस विशेष अभियान का उद्देश्य प्रशिक्षण और जागरूकता के माध्यम से समावेशी, सुरक्षित और उत्पीड़न मुक्त कार्यस्थल का निर्माण करना है।

महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम
अभियान के तहत पहला प्रशिक्षण सत्र 24 फरवरी को कोक ओवन, आरएमपी एवं आरएमएचपी विभाग में आयोजित हुआ। सत्र का संचालन सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) शिप्रा एन. हेम्ब्रम और वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुष्मिता सोरेन ने किया। प्रशिक्षण में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम (POSH) अधिनियम के प्रावधानों के साथ मातृत्व अवकाश, पितृत्व अवकाश, चाइल्ड केयर लीव और लघु परिवार योजना जैसी नीतियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
सशक्त कार्य-संस्कृति की दिशा में
वक्ताओं ने ‘शॉर्टर वर्किंग पीरियड स्कीम’, बाहरी रोजगार के अवसरों के नियम, ‘सखी पोर्टल’ और ‘महिला नेतृत्व विकास कार्यक्रम’ जैसी पहलों पर भी प्रकाश डाला। अभियान के दूसरे चरण में 25 फरवरी को ब्लास्ट फर्नेस विभाग में कार्यशाला आयोजित की गई। दोनों सत्रों के अंत में ऑन-द-स्पॉट क्विज प्रतियोगिता भी हुई। “निष्ठा” पहल को बीएसएल में सुरक्षित और सशक्त कार्य-संस्कृति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


