Bokaro: बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन कार्यालय, सेक्टर 3/बी में शनिवार को इंटक के अध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के आकस्मिक निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। सभा में यूनियन पदाधिकारी, कर्मचारी, श्रमिक, राजनीतिक नेता और सैकड़ों नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में दुबे जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति और शोकसंतप्त परिवार के लिए प्रार्थना की गई। यूनियन नेताओं ने उन्हें संघर्षशील, सिद्धांतवादी और मजदूर हितैषी बताया।
सभा में पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी, विधायक श्वेता सिंह, उमा कांत रजक, बीएसएल डायरेक्टर बी.के. तिवारी, कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर, प्रदीप बालमुचू, सांसद ढुल्लू महतो समेत कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। कोल, सेल, कांग्रेस, आरजेडी, आरसीएमएस और अन्य संगठनों के हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। यूनियन ने इसे एक अपूरणीय क्षति बताया।