Bokaro: डीपीएस (दिल्ली पब्लिक स्कूल) बोकारो के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी कुशल वैज्ञानिक प्रतिभा का परचम लहराया है। विद्यार्थियों में रचनात्मकता और वैज्ञानिक नवोन्मेषता को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा संचालित इंस्पायर मानक अवार्ड योजना में लगातार इस साल भी डीपीएस बोकारो के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन रहा। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए विद्यालय के तीन विद्यार्थियों को चयनित किया गया है। इनमें आठवीं कक्षा के छात्र श्रेष्टा चतुर्वेदी एवं सरित चक्रवर्ती तथा कक्षा 7 के अथर्व सेन के नाम शामिल हैं। इनमें से प्रत्येक विद्यार्थी को भारत सरकार की ओर से जिला-स्तरीय प्रदर्शनी -सह- प्रोजेक्ट प्रतियोगिता के लिए अपना नवोन्मेषी आविष्कार तैयार करने के निमित्त 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन -सह- सहयोग राशि प्रदान की गई है। सभी को सरकार की तरफ से प्रमाण-पत्र भी जारी किए गए हैं।

वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना
इस उपलब्धि पर शुक्रवार को विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. एस. गंगवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित सभी छात्रों को बधाई दी। साथ ही, उक्त योजना के आगामी चरणों के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए पूरे मनोयोग के साथ काम करने और विद्यालय का नाम रोशन करने का संदेश दिया। कहा कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि हमारे विद्यार्थियों में नवाचार (इनोवेशन), रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने की हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में हमारे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत ने न केवल उन्हें पहचान दिलाई है, बल्कि विद्यालय का मान भी बढ़ाया है।
बादल फटने के पूर्वानुमान, फसल-सुरक्षा और सहायक रोबोट हैं खास-
इस वर्ष इंस्पायर मानक अवार्ड योजना के अंतर्गत चयनित विद्यालय के तीनों छात्रों ने एक से बढ़कर एक आविष्कार कर समाजहित, राष्ट्रहित व जनहित की दिशा में महत्वपूर्ण नवाचार का प्रदर्शन किया है। श्रेष्टा चतुर्वेदी ने जहां बादल फटने के पूर्वानुमान संबंधी एडवांस्ड क्लाउड बर्स्ट प्रीडिक्शन सिस्टम का अनूठा आइडिया देकर उक्त योजना में अपनी जगह पक्की की, वहीं अथर्व सेन ने फसलों की सुरक्षा वाला क्रॉप केयरिंग सिस्टम प्रोजेक्ट का नवाचार प्रस्तुत किया। जबकि, सरित चक्रवर्ती को अपने बहु कामकाजी नोवासेपियन ह्यूमनॉइड रोबोट के लिए चयनित किया गया।

जानिए… क्या है इंस्पायर मानक अवॉर्ड योजना-
इंस्पायर (Innovation in Science Pursuit for Inspired Research) मानक (Million Minds Augmenting National Aspiration and Knowledge) अवॉर्ड योजना, भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की एक महत्ती योजना है। इसके तहत विद्यार्थी कोई भी नया और रचनात्मक आइडिया भेज सकते हैं। व्यावहारिकता, सामाजिक उपयोगिता, पर्यावरण की अनुकूलता, नवीनता और वर्तमान तकनीक से बेहतरी के आधार पर चयनित छात्रों को वैज्ञानिक अविष्कारों और मॉडल के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। जिला के बाद राज्य स्तर की प्रदर्शनी सह प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर चुना जाता है। शीर्ष 60 नए आइडिया वाले मॉडल को राष्ट्रपति भवन में प्रदर्शित किया जाता है। फिर उन्हें राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है और इसके साथ ही चयनित विद्यार्थियों को जापान टूर का अवसर भी मिलता है।

