Bokaro: बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाह पर एक सेल्स महिला को भीड़ ने पकड़ लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित निकाला। एसपी हरविंदर सिंह ने अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून हाथ में न लेने की अपील की। जिले में चार दिनों में यह चौथी ऐसी घटना है।

महिला को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया
जिले में बच्चा चोर की अफवाह लगातार खतरनाक रूप लेती जा रही है। ताजा मामला बालीडीह थाना क्षेत्र के बिशनपुर इलाके का है, जहां शुक्रवार सुबह एक सेल्स कार्यकर्ता महिला को लोगों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। समय रहते कुछ समझदार लोगों ने हस्तक्षेप कर महिला को पास के पंचायत भवन के एक कमरे में सुरक्षित बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। See Video-
सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए
सूचना मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच महिला के पकड़े जाने की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। पंचायत भवन के बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए। भीड़ उग्र हो गई और महिला को अपने हवाले करने की मांग करने लगी। दरवाजे पीटे गए और खिड़कियों से नारेबाजी होती रही।

सेल्स का काम करती है महिला
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद 35 वर्षीय महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाया गया। पूछताछ में महिला ने खुद को धनबाद-रानीगंज की निवासी बताया और कहा कि वह डीएनएक्स कंपनी में सेल्स का काम करती है। वह घर-घर जाकर चायपत्ती समेत अन्य सामान बेचती है। उसने बैग से उत्पाद निकालकर पुलिस को दिखाया। महिला ने बताया कि उसकी बहन सेक्टर-11 में रहती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
इधर, बोकारो के पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने लोगों से अपील की है कि “किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून को अपने हाथ में न लें। पुलिस पूरी तरह सजग है।”
चौथी घटना
गौरतलब है कि जिले में बच्चा चोर की अफवाह तेजी से फैल रही है। पिछले चार दिनों में यह चौथी घटना है। इससे पहले एलएच कॉलोनी, सेक्टर-12, तुपकाडीह बाजार और चास में भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां लोगों ने संदेह के आधार पर मारपीट तक कर दी थी। पुलिस ने आमजन से संयम बरतने की अपील की है।

