Bokaro: चास के शिव शक्ति कॉलोनी में रहने वाले करीब 52 वर्षीय संत कुमार सिंह की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए जोधाड़ी मोड़ के पास सड़क जाम कर शव के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। कई घंटे तक चले जाम के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आक्रोशित लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।

टंकी से बरामद
जानकारी के अनुसार संत कुमार सिंह 28 फरवरी को अपने परिचित मंतोष के पिता के दाह संस्कार में बक्सर गए थे। अंतिम संस्कार के बाद अन्य लोग लौट आए, लेकिन संत कुमार घर नहीं पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उनके साथ लौटे तीन लोगों ने अलग-अलग बातें बताकर उन्हें गुमराह किया। खोजबीन के दौरान उनका शव चास स्थित एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट की टंकी से बरामद हुआ। आसपास खून के धब्बे मिलने की भी चर्चा है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
परिजनों का कहना है कि गुमशुदगी की सूचना देने के बावजूद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। अधिकारियों को बुलाने की मांग पर लोग अड़े रहे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


