Bokaro: बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा के शून्यकाल में अपने विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग पिंड्राजोरा को प्रखंड का दर्जा दिए जाने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने सदन को बताया कि पिंड्राजोरा और आसपास की पंचायतों के लोगों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए भी 25 से 35 किलोमीटर दूर चास प्रखंड कार्यालय जाना पड़ता है, जिससे खासकर महिलाओं, वृद्धजनों, किसानों और जरूरतमंदों को भारी परेशानी होती है।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या, व्यापक भौगोलिक दायरा और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए पिंड्राजोरा को प्रखंड बनाना समय की मांग है। इससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी और आम जनता को सीधे लाभ मिल सकेगा। उन्होंने अध्यक्ष महोदय के माध्यम से राज्य सरकार से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। विधायक ने कहा कि क्षेत्रहित की लड़ाई जारी रहेगी। See Video –

