Bokaro: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बोकारो में महिला पुलिसकर्मियों ने साहस, जिम्मेदारी और सशक्तिकरण की अनोखी मिसाल पेश की। पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में शहर की महिला पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरीं और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा के साथ समाज को प्रेरित करने का संदेश दिया।

पुलिसकर्मियों ने…
इस अभियान में चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी, सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी, चास महिला थाना प्रभारी सुनीला लिंडा और नगर महिला पुलिस मीरा लकड़ा सहित कई महिला पुलिसकर्मियों ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच की। नया मोड़ बिरसा चेक पोस्ट, चास चेक पोस्ट समेत प्रमुख स्थानों पर सघन जांच करते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियों पर कार्रवाई की तथा नियम तोड़ने वालों को चेतावनी दी।
जो हेलमेट पहने मिली उनको..
अभियान का सबसे प्रेरणादायक पहलू यह रहा कि हेलमेट पहनकर सुरक्षित वाहन चला रही महिलाओं को महिला पुलिसकर्मियों ने सम्मानित किया। इससे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के साथ महिलाओं के आत्मविश्वास और जिम्मेदारी को भी सम्मान मिला।

एसपी ने कहा..
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि महिला दिवस के अवसर पर महिला पुलिसकर्मियों को आगे रखकर यह अभियान चलाया गया, ताकि समाज को यह संदेश मिले कि महिलाएं केवल घर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और जिम्मेदारी निभा रही हैं।
‘सेवा ही लक्ष्य’
उन्होंने बोकारोवासियों से अपील की कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दें। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस का मूल मंत्र “सेवा ही लक्ष्य” है और बोकारो पुलिस हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।

