Bokaro: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की 30वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेसियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके स्मृति में जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री, मास्क और साबुन का वितरण किया। बोकारो जिला कांग्रेस कमिटी के कार्यालय में नेताओं ने उनके तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उपस्थित झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि राजीव गांधी एक ऐसी महान शख़्सियत थे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में केवल भारत की ज़मीन पर राज ना करके बल्कि देशवासियों की सेवा करके उनके दिलों पर हुकूमत की थी। भले ही आज राजीव गांधी जी इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन फिर भी वो करोड़ों लोगों के दिलों में हमेशा ज़िंदा हैं और रहेंगे। चाहें कोई भी व्यक्ति या राजनीतिक दल उनकी छवि को खराब करने के लिए कितने भी प्रयास कर ले, लेकिन देश के विकास में उनके अनमोल योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

आज हमारे देश में ओछी राजनीति के चक्कर में अपने ही पूर्वजों व महापुरुषों का चरित्र हनन करने का जो फैशन चल पड़ा है वह ठीक नहीं है, हमें समझना होगा कि महापुरुष देश की अनमोल धरोहर होते है, वो किसी एक राजनीतिक दल के नही पूरे देश के होते है।
बोकारो ज़िलाध्यक्ष मंजुर अंसारी ने कहा कि राजीव गांधी स्वभाव से बेहद धीर गंभीर, आधुनिक सोच और निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले असाधारण व्यक्तित्व के मालिक थे, वो भारत को विश्व की अत्याधुनिक तकनीकों से लैस करके भारत को ताकतवर विकसित देशों की श्रेणी में जल्द से जल्द लाना चाहते थे। राजीव अक्सर कहा करते थे कि भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखते हुए उनका सबसे बड़ा सपना इक्कीसवीं सदी के आधुनिक विकसित भारत का निर्माण करने का है। उन्होंने भारत को आधुनिक, खुशहाल और एक मजबूत राष्ट्र बनाने में विशेष भूमिका निभाई।
इस मौके पर विमल कृष्ण चौबे, सुशील कुमार झा, लालमोहन लायक, मंजूर आलम, कन्हैया पांडे, हसन उल्लाह अंसारी शाहिद रजा रियाज मंटू, मनीष सिंह, रोहित कुमार जसवाल, शिवा कुमार, इमरान, अवनीश कुमार सिंह, विजय कुमार ठाकुर, लंकेश कुमार, मनजीत कुमार इत्यादि शामिल थे।
