Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में “वर्किंग टुगेदर एज़ वन सेल, वन एलएंडडी: कोलैबोरेट, लर्न एंड डिलीवर” पहल के तहत “बेसिक ऑफ इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रो-हाइड्रॉलिक्स” विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। “दक्ष – एक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम” के अंतर्गत यह प्रशिक्षण 10 से 12 मार्च 2026 तक इलेक्ट्रो-हाइड्रॉलिक्स लैब में चल रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन कार्यकारी अधिशासी निदेशक (संकार्य) धनंजय कुमार और मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) सुश्री नीता बा ने संयुक्त रूप से किया।

सेल की इन इकाइयों से आये प्रतिभागी
इस प्रशिक्षण में सेल की विभिन्न इकाइयों – भिलाई इस्पात संयंत्र, दुर्गापुर इस्पात संयंत्र, इस्को इस्पात संयंत्र और बोकारो इस्पात संयंत्र से कुल 18 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन सत्र में सुश्री नीता बा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने इलेक्ट्रो-हाइड्रॉलिक सिमुलेटर के माध्यम से दिए जा रहे व्यावहारिक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि इससे प्रतिभागियों को वास्तविक कार्य परिस्थितियों जैसा अनुभव मिलता है।
कार्यस्थल की चुनौतियों के समाधान
इस अवसर पर कार्यकारी अधिशासी निदेशक धनंजय कुमार ने परिणाम-उन्मुख प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी ज्ञान का उपयोग कार्यस्थल की चुनौतियों के समाधान और उत्पादकता बढ़ाने में किया जाना चाहिए। कार्यक्रम का समन्वय प्रबंधक (एचआर-एलएंडडी) जयनारायण यादव ने किया। यह प्रशिक्षण सेल की इकाइयों के बीच तकनीकी सहयोग और ज्ञान साझा करने को बढ़ावा देने की दिशा में अहम पहल मानी जा रही है।


