Bokaro: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व सैनिक सेवा परिषद, बोकारो द्वारा रविवार, 18 मई को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा सेक्टर-4 स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से आरंभ हुई और वीरता के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष समाप्त हुई।
सैकड़ों नागरिकों ने लिया भाग
इस तिरंगा यात्रा में पूर्व सैनिकों के अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महाराणा विचार मंच, संकल्प सृजन, भाजपा, युवा मोर्चा और विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बोकारो के सीजीएम (टीए) कुंदन कुमार ने तिरंगा लेकर यात्रा का शुभारंभ किया।
सैनिकों के पराक्रम को नमन
परिषद के वरिष्ठ सदस्य एस.के. सिंह एवं पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष दिनेश्वर सिंह ने कहा कि ऐसी यात्राएं सैनिकों का मनोबल मजबूत करती हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के साहस की सराहना की। पूर्व सैनिक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी भाग लिया। यात्रा के समापन पर परिषद ने सभी देशभक्तों और मीडिया का आभार जताया।