Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के हॉट स्ट्रिप मिल (Hot Strip Mill) ने 12 दिसंबर 2025 को अपने 50 वर्षों के गौरवशाली संचालन का जश्न मनाया। हॉट स्ट्रिप मिल की टीम की उत्कृष्ट उत्पादन क्षमता, तकनीकी उपलब्धियों और पिछले पांच दशकों में देश के औद्योगिक एवं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में योगदान की सराहना की गई। इस विशेष अवसर पर हॉट स्ट्रिप मिल परिसर में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अधिशासी निदेशक (संकार्य) प्रिय रंजन तथा अधिशासी निदेशक (ऑपरेशन्स) अनूप कुमार दत्त मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

अधिशासी निदेशक (संकार्य) प्रिय रंजन ने केक काटकर एचएसएम समूह को इस विशेष अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने हॉट स्ट्रिप मिल के 50 वर्षीय गौरवशाली सफर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसकी निरंतर प्रगति, उत्कृष्ट उत्पादन क्षमता तथा उल्लेखनीय तकनीकी उपलब्धियों के लिए संपूर्ण एचएसएम टीम की सराहना की। श्री रंजन ने कहा कि पिछले पाँच दशकों से हॉट स्ट्रिप मिल, बोकारो स्टील प्लांट की उत्पादन गतिविधियों का एक मजबूत और अत्यंत महत्वपूर्ण आधार स्तंभ रहा है। इस मिल ने न केवल उच्च गुणवत्ता वाले फ्लैट उत्पादों के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाई है, बल्कि देश की औद्योगिक एवं अवसंरचनात्मक विकास आवश्यकताओं की पूर्ति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
अधिशासी निदेशक (ऑपरेशन्स) अनूप कुमार दत्त ने अपने संबोधन में कहा कि यह उपलब्धि समर्पित टीमवर्क, सतत नवाचार, तकनीकी दक्षता और कर्मियों की दृढ़ प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने सुरक्षा, गुणवत्ता, उत्पादकता और ग्राहक संतुष्टि के प्रति निरंतर संकल्प को बनाए रखने हेतु सभी को प्रोत्साहित किया।

अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी टीम एचएसएम को स्वर्ण जयंती की हार्दिक बधाई दी और आगामी वर्षों में नई उपलब्धियों एवं सतत प्रगति के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर 1975 को बोकारो स्टील प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल का कमिशनिंग किया गया था। तब से यह इकाई निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पाँच दशकों से देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

