Bokaro: राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, बोकारो के तत्वावधान में जिला स्तरीय युवा प्रतियोगिता का आयोजन शुक्रवार को रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय चास में किया गया। प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग (पुरुष/महिला) के लगभग 250 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विभिन्न सांस्कृतिक व साहित्यिक प्रतियोगिताएं आयोजित
कार्यक्रम के अंतर्गत सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन (एकल), चित्रकला (एकल) एवं भाषण (एकल) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति से दर्शकों और निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।

विजेता प्रतिभागियों की सूची
प्रतियोगिता में विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सामूहिक लोकनृत्य में रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चास की पूनम कुमारी, नीलम कुमारी, तन्नू कुमारी और ट्विंकल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उसी विद्यालय की साक्षी कुमारी और सुहानी कुमारी को द्वितीय स्थान मिला। सामूहिक लोकगीत में एम.जी.एम. हाइयर सेकेंडरी स्कूल, बोकारो के अर्पित कुमार दास, रेनिन जॉर्ज, प्राची ओझा, साक्षी ओझा, अर्पण कुमार गिरी, श्रेयांश श्रीवास्तव, सौम्या और तन्मय की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। कविता लेखन (एकल) में रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चास के संत कुमार ने प्रथम, एम.जी.एम. हाइयर सेकेंडरी स्कूल, बोकारो की मेघा चौधरी ने द्वितीय तथा रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चास की शहजादी खातून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला (एकल) में रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चास की सुप्रिया गोराई प्रथम, एम.जी.एम. हाइयर सेकेंडरी स्कूल, बोकारो की ऋचा नंदा द्वितीय और रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चास की कृतिका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं भाषण (एकल) प्रतियोगिता में एम.जी.एम. हाइयर सेकेंडरी स्कूल, बोकारो के मृणाल विनायक ने प्रथम और रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चास की साक्षी बर्नवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
आगे की प्रतियोगिताओं के लिए चयन
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रमंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर तथा राज्य स्तर के विजेता राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए चयनित होंगे।
कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, हरे कृष्ण बागभट्ट (वाइस प्रिंसिपल), रजनीगंधा, गुरप्रीत कौर, चार्मशीला, कुमारी आभा, शालिनी भारती, सुषमा कुमारी, सरिता कुमारी (शिक्षक, रामरूद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, चास), मोहन साहू, चौहान महतो एवं महेंद्र करमाली (खेल प्रशिक्षक, चंदनकियारी) सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा, जिसे प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी ने सफल बनाया।

