Bokaro: झारखंड में ठंड ने कनकनाहट बढ़ा दी है। रविवार को सात जिलों में शीत लहर का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। बोकारो (Bokaro) सहित लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची और रामगढ़ जिलों में शीत लहर की चेतावनी दी गई है, जो सोमवार सुबह 8.30 बजे तक जारी रहेगी।
IMD रांची मौसम केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाएं राज्य में ठंडे मौसम की वजह बन रही हैं। आने वाले 24 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले तीन दिनों में यह 2-3 डिग्री बढ़ सकता है।
बोकारो में न्यूनतम तापमान में गिरावट से ठंड ने लोगों की दहलीज पर दस्तक दे दी है। राज्य के सबसे ठंडे स्थानों में कांके (रांची) 2.5 डिग्री, बोकारो 9 डिग्री, लोहरदगा 3.7 और खूंटी 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। डालटनगंज में 6.1, चाईबासा 9.2 और जमशेदपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।


