Bokaro: चास नगर निगम चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मेयर पद को लेकर खासतौर पर राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है। नए-नए संभावित उम्मीदवारों के नाम सामने आ रहे हैं। चुनावी चर्चा जोरों पर है, पर्चा वितरण की रणनीति बन रही है और खर्च को लेकर भी हर दल की पैनी नजर है। इस बार चास नगर निगम चुनाव घमासान होने के आसार हैं। भाजपा, झामुमो और कांग्रेस सहित सभी प्रमुख दल अपने-अपने प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन में जुटे हैं। अंदरखाने सियासी जोड़-तोड़ भी शुरू हो चुकी है।

कार्यकर्ताओं की जुबान पर मंटू यादव
इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) से बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव का नाम भी मेयर पद के संभावित दावेदार के रूप में चर्चा में है। बीते कुछ दिनों से मंटू यादव नगर निगम चुनाव को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। बैठकें, संगठनात्मक चर्चा और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद का सिलसिला तेज हो गया है। शुरुआत में इसे संगठन को मजबूत करने की कवायद माना गया, लेकिन बुधवार को हुई एक बैठक के बाद सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई, जब पार्टी कार्यकर्ताओं की जुबान पर मंटू यादव का नाम मेयर प्रत्याशी के तौर पर सुनाई देने लगा।
नौ और नाम जिसपर पार्टी कर रही मंथन
हालांकि इस सवाल पर मंटू यादव ने खुलकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पूछे जाने पर उन्होंने न तो इनकार किया और न ही सहमति जताई। उनका कहना था कि जो निर्णय ‘माननीय मुख्यमंत्री हेमंत बाबू’ का होगा, वही उन्हें स्वीकार होगा। साथ ही अलोक सिंह, विजय रजवार, भगीरथ शर्मा, प्रमोद तापड़िया, संजय केजरीवाल, आकाश टुड्डू, राकेश सिन्हा, सावित्री बाउरी, ज्योति प्रकाश द्विवेदी व अन्य पार्टी नेताओ के नाम भी मेयर, डिप्टी मेयर आदि पदों के लिए सामने आये है, जिसपर मंथन का दौर जारी है।

JMM को परचम लहराना है
इधर, आगामी चास नगर निगम चुनाव (Chas Nagar Nigam) की तैयारियों को लेकर झामुमो (JMM) चास नगर समिति की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को चिरा चास स्थित दिशोम गुरु शिबू सोरेन के फार्म हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चास नगर अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया ने की। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव में पार्टी का परचम लहराना ही संगठन का लक्ष्य है।
सभी वार्डों में संगठन को मजबूत किया
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरने का आह्वान किया। साथ ही हेमंत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उनके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने वार्ड स्तर की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए। नगर अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया ने कहा कि चास नगर निगम के सभी वार्डों में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। बूथ कमेटियों के गठन का कार्य अंतिम चरण में है और पार्टी इस बार पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
बैठक का संचालन चास नगर सचिव भागीरथ शर्मा ने किया। इस दौरान रामजी प्रसाद के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में पार्टी के नगर समिति पदाधिकारी, वार्ड स्तर के सक्रिय कार्यकर्ता और कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।


