Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग में स्थापित नव-निर्मित पीसीआई कोल लोडिंग स्टेशन का उद्घाटन 28 जनवरी 2026 को संयंत्र निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

नई व्यवस्था के तहत कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग के कोल साइलो संख्या-29 के नीचे स्थित वेइंग फीडर से पीसीआई कोयले को सीधे ट्रकों में अनलोड करने की सुविधा विकसित की गई है। इससे ब्लास्ट फर्नेस में कोयले की आपूर्ति अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।
इस परियोजना का निष्पादन मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसी) भास्कर प्रसाद के मार्गदर्शन में आंतरिक संसाधनों के माध्यम से किया गया। यांत्रिक और विद्युत टीमों ने केन्द्रीय यांत्रिक अनुरक्षण टीम के साथ समन्वय स्थापित कर रिकॉर्ड समय में कार्य पूरा किया।

इस सुविधा से पूर्व की मैनुअल अनलोडिंग प्रक्रिया समाप्त होगी, रेलवे-डेमरेज में कमी आएगी और संयंत्र को महत्वपूर्ण आर्थिक बचत प्राप्त होगी। यह कदम संयंत्र की लागत-प्रभावशीलता, आत्मनिर्भरता और सतत सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

