Bokaro: माननीय राज्यपाल (Governor) संतोष कुमार गंगवार ने आज जिला रामरुद्र सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, चास में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से केवल उनके अभिभावकों को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को बड़ी अपेक्षाएँ हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा समय के महत्व को समझने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि विद्यालय में सीखी गई छोटी-बड़ी आदतें – जैसे समय पर आना, नियमित अभ्यास करना और अनुशासन बनाए रखना, जीवन में आगे चलकर सफलता की आधारशिला बनती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सपने वे नहीं हैं जो नींद में देखते हैं, बल्कि सपने वे होते हैं जो उन्हें पूरा किए बिना सोने नहीं देते। उन्होंने कहा कि परिस्थितियाँ कैसी भी हों, आत्मविश्वास, परिश्रम और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने तथा अध्ययन और आत्म-विकास पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी।
राज्यपाल ने अपने संघर्षशील जीवन के बारे में बताते हुए कहा कि जब वे दो वर्ष के भी नहीं थे, तभी उनके पिता जी का देहांत हो गया था। वे ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। आज जो भी हैं, इसमें उनके माता का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियाँ भी व्यक्ति को आगे बढ़ने से नहीं रोक सकतीं, यदि उसके भीतर दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास हो।उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने तथा अध्ययन और आत्म-विकास पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी।


