Bokaro: शहर के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में एक बेटी के अचानक घर से चले जाने की खबर ने पूरे परिवार को बेचैनी में डाल दिया। माँ-बाप की आंखें रातभर दरवाजे पर टिकी रहीं, मन में सिर्फ एक ही सवाल था – बेटी सुरक्षित तो है ? रविवार शाम लड़की के पिता ने भारी मन से पुलिस को आवेदन दिया और बेटी को तलाशने की गुहार लगाई।

तकनीकी सूझबूझ के साथ तलाश शुरू
मामले की संवेदनशीलता को समझते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) बोकारो ने तुरंत संज्ञान लिया। नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में बनी टीम ने मानवीय संवेदना और तकनीकी सूझबूझ के साथ तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने उस बेटी को ढूंढ निकाला, जिसके लिए परिवार की धड़कनें थमी हुई थीं। युवक-युवती को सकुशल हरला थाना लाया गया और परिजनों को सूचना दी गई।
माँ की आंखों से राहत के आंसू छलक पड़े
थाने में जब बेटी सुरक्षित सामने आई, तो माँ की आंखों से राहत के आंसू छलक पड़े। युवती ने बताया कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और दोनों बालिग हैं। दोनों ने आपसी सहमति से विवाह करने की बात स्वीकार की। यह सुनकर परिजनों का डर धीरे-धीरे सुकून में तो बदला पर अचानक इस रूप में अपनी बेटी को देख सकते में आ गए।

पुलिस की भावुक अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों से घबराएं नहीं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना पर तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 को खबर दें, ताकि समय रहते किसी परिवार की चिंता मुस्कान में बदली जा सके।

