Bokaro: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत चास नगर निगम (वर्ग–ख) क्षेत्र में महापौर पद के प्रत्याशी अविनाश कुमार द्वारा भगवती कॉलोनी, चास में स्थापित चुनाव कार्यालय के उद्घाटन से जुड़े व्यय को प्रत्याशी के निर्वाचन व्यय में शामिल किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ उपस्थित रहे थे।

निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री के चास आगमन, कार्यक्रम में सहभागिता तथा वापसी के दौरान हुए समस्त व्यय को नियमानुसार संबंधित प्रत्याशी के चुनाव खर्च में जोड़ा जाएगा। इस बाबत जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के निर्देश पर निर्वाची पदाधिकारी, चास नगर निगम सह अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) चास, प्रांजल ढांडा ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षक को विधिवत प्रतिवेदन भेज दिया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रत्याशियों के निर्वाचन व्यय पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इसका उद्देश्य नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है। चुनावी गतिविधियों में व्यय संबंधी नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।


