Bokaro: ज़िले के हरला थाना क्षेत्र से लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए झारखंड पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छानबीन शुरू की, जिसके बाद नाबालिग को कसमार से सुरक्षित खोज निकाला गया।

स्कूल के लिए निकली वापस नहीं लौटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी 2026 को परिजनों ने हरला थाना में सूचना दी कि उनकी भतीजी सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बोकारो ने तत्काल संज्ञान लिया और नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।
साइकिल स्कूल के पास मिली…
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी अपनी साइकिल स्कूल के पास छोड़कर कहीं चली गई थी। इसके बाद मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के क्रम में नाबालिग को कसमार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।

