Bokaro: बोकारो पुलिस ने सेक्टर 12 निवासी गुमशुदा 41 वर्षीय महिला को राजस्थान के बिकानेर से सुरक्षित बरामद किया है। महिला लिव-इन रिलेशन में रहने के लिए घर से गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। आमजन से अफवाहों और सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने से बचने की अपील। महिला के परिवार ने 4 फरवरी को सेक्टर-12 थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

टीम गई थी राजस्थान
इस जानकारी के बाद एसपी बोकारो हरविंदर सिंह ने एक टीम का गठन किया था। टीम के साथ गुमशुदा महिला के भाई तथा भाभी भी राजस्थान गए थे। टीम राजस्थान के गंगाशहर थाना के सहयोग से महिला को बरामद करने में सफल रही। पूछताछ में महिला ने बताया कि उनकी शादी 2006 में अजय (बदला हुआ नाम) से हुई थी और उनका एक 16 वर्षीय पुत्र है। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के संबंध ठीक नहीं थे।
लिव-इन रिलेशनशिप का मामला
महिला ने पुलिस को बताया कि दो माह पूर्व फेसबुक के माध्यम से बीकानेर के रहनेवाले नरेन्द्र भाटी से दोस्ती हुई थी। 4 फरवरी को महिला ने अपने मर्जी से घर से जाने की बात लिखकर नरेन्द्र भाटी के पास चली गई और उनके साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगी। महिला ने लाइव इन रिलेशनशिप में रहने का एकरारनामा भी पुलिस को सौंपा है।

पुलिस की अपील
बोकारो पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अपने नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचें।

