Bokaro: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री अजय नाथ झा के निर्देश पर नगर निगम चास और नगर परिषद फुसरो क्षेत्र में मतदाता सूचना पर्ची (वोटर इंफॉर्मेशन स्लिप–VIS) का घर-घर वितरण किया जा रहा है। सोमवार को भी संबंधित क्षेत्रों में बीएलओ ने मतदाताओं के घर पहुंचकर पर्ची सौंपी और मतदान से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं।

बीएलओ मतदाताओं को मतदान की तिथि, मतदान केंद्र का पता, वहां उपलब्ध सुविधाएं तथा निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं। उपायुक्त ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया है कि 19 फरवरी तक शत-प्रतिशत मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित करें। यदि किसी मतदाता को पर्ची प्राप्त नहीं होती है तो वह अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1950 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूचना पर्ची फोटो पहचान पत्र नहीं है। इसका उपयोग मतदान के दौरान मतदाता सूची में नाम, क्रम संख्या और भाग संख्या खोजने में सहायक होता है।

क्या है मतदाता पर्ची
मतदाता पर्ची निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दस्तावेज है, जिसमें मतदाता का नाम, आयु, लिंग, निर्वाचन क्षेत्र, मतदान केंद्र का स्थान तथा मतदान की तिथि अंकित रहती है। मतदान के दिन इसे साथ रखने से मतदाता को अपने बूथ की पहचान में सुविधा मिलती है।
23 फरवरी को होगा मतदान
नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी 2026 को मतदान होगा। मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) प्रस्तुत करना अनिवार्य है। यदि किसी कारणवश EPIC उपलब्ध नहीं हो तो पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक/डाकघर पासबुक सहित 12 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेज मान्य होंगे।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि 23 फरवरी को मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

