Bokaro: सेक्टर-6 थाना क्षेत्र की एलआईसी कॉलोनी में सोमवार को एक बंद घर में चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने मनीष नंदन सहाय के आवास को निशाना बनाया। बताया जाता है कि गृहस्वामी अपने परिवार के साथ 12 फरवरी को घर में ताला लगाकर मथुरा गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाया।

जानकारी के अनुसार, बदमाश ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी खंगालते हुए जेवरात व नकद पर हाथ साफ कर दिया। आसपास के लोगों को संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-6 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 20 लाख रुपये के गहने और लगभग 8 हजार रुपये नकद की चोरी हुई है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन गृहस्वामी के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।


