Bokaro: पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं जेनरेटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसपी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं का विधिवत ऑडिट कराया जाए और इसकी रिपोर्ट संबंधित थाना प्रभारी द्वारा समर्पित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रॉस एंगल में अधिष्ठापित किए जाएं, ताकि मतदान कक्ष के भीतर तथा प्रवेश और निकास द्वार पर व्यापक निगरानी संभव हो सके। इसके साथ ही पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैकअप जेनरेटर की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
संयुक्त भौतिक निरीक्षण
बैठक में जानकारी दी गई कि आगामी 20 फरवरी को डीईओ सह डीसी एवं एसपी द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेटिंग, सीसीटीवी, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों की जमीनी हकीकत की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि निरीक्षण से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं।


