Bokaro: नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के मतदान दिवस 23 फरवरी को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा चास नगर निगम क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरविंदर सिंह ने जानकारी दी कि मतदान के दिन चास नगर निगम क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश मार्ग गरगा पुल सील रहेगा। यह निर्णय निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

केवल मतदाताओं को मिलेगा प्रवेश की अनुमति
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बी.एस.सिटी क्षेत्र से मतदान दिवस पर गरगा पुल के रास्ते केवल मतदाताओं को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मतदाताओं को अपना पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। बिना वैध कारण या पहचान के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा बलों द्वारा सघन जांच की जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
बड़े वाहनों की भी रहेगी नो इंट्री
मतदान प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचाने के लिए बड़े व्यावसायिक वाहनों, भारी मालवाहक ट्रकों एवं अनावश्यक यातायात पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही प्रशासनिक अनुमति के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है तथा संबंधित क्षेत्रों में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

सुरक्षा के रहेंगे व्यापक इंतजाम
मतदान दिवस पर क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं क्विक रिस्पॉन्स टीम की तैनाती रहेगी। चेक पोस्ट पर सतत निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्वाचन को लोकतंत्र का महापर्व मानते हुए प्रशासन का सहयोग करें तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने में अपनी सहभागिता निभाएं।

