Bokaro: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक बोकारो को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने कथारा क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली विदेशी शराब, शराब बनाने की सामग्री और एक टाटा मैजिक वाहन बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान टाटा पिकअप वैन से फर्जी ब्रांडेड शराब की बोतलें, विभिन्न कंपनियों के नकली स्टिकर, बारकोड, स्प्रिट से भरे जार तथा सीलिंग मशीन बरामद की गई। पुलिस का मानना है कि यहां बड़े पैमाने पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी थी।
कार्रवाई के दौरान वाहन को जब्त कर लिया गया, जबकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

