Bokaro: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने बताया कि छिटपुट घटनाओं को छोड़ जिले में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि अपराह्न पांच बजे तक चास नगर निगम में 50.83 प्रतिशत और फुसरो नगर परिषद में 58.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतार को देखते हुए निर्धारित समय के बाद भी मतदान जारी रहा।

व्यापक इंतजाम
डीसी ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती तथा सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था रही। मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल और प्रकाश की विशेष व्यवस्था की गई।
आभार जताया
उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती में सहभागिता के लिए मतदाताओं, अधिकारियों और पुलिस बल का आभार जताया। मतदान के दौरान घायल हुए चास एसडीपीओ के उपचार के बाद पुनः ड्यूटी पर लौटने को उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बताया। घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।


