Bokaro: लुगु बुरु पहाड़ पर हाथियों के झुंड की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग की ओर से आशंका जताई गई है कि हाथी किसी भी समय पहाड़ से नीचे उतरकर रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर सकते हैं।

चोरगावा, मुरपा, खाखंडा, गंगपुर, बेलडीह, तुलबुल, पिंडरा, तुतिझरना, डकासाडम, सेहेदा, तिलैया, नारण, लवालांग, अंबाडीह और केरी गांव के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। ग्रामीणों से खासकर रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने को कहा गया है, क्योंकि अंधेरे में हाथी तेज गति से चलते हैं।
वन विभाग ने सलाह दी है कि यदि हाथी गांव के समीप पहुंचें तो लोग तुरंत पक्के मकान या उसकी छत पर शरण लें। पूर्व के अनुभवों के आधार पर छत को सबसे सुरक्षित स्थान माना गया है। फसल या मकान को नुकसान होने की स्थिति में त्वरित मुआवजा देने का आश्वासन भी विभाग ने दिया है।


