Bokaro: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर मतगणना प्रक्रिया को त्रुटिरहित एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कोषांग द्वारा डीएवी इस्पात विद्यालय सेक्टर 2/सी में मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 60 मतगणना सुपरवाइजर तथा 130 मतगणना सहायकों को विस्तृत रूप से प्रक्रिया संबंधी जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरीय पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग प्रभाष दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग जगरनाथ लोहरा तथा मास्टर ट्रेनर आशुतोष कुमार उपस्थित रहे।
मास्टर ट्रेनर आशुतोष कुमार ने मतगणना के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कर्मियों को सावधानीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने मतपत्रों की सही छंटाई, बंडलिंग तथा गणना की प्रक्रिया को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया।

इस दौरान नोडल पदाधिकारी सह उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा ने बताया कि नगर निगम चास तथा फुसरो नगर परिषद के सभी वार्डों की मतगणना एक ही दिन में सम्पन्न कराई जाएगी। इसके लिए मतगणना टेबलों की संख्या बढ़ाई गई है और सभी कर्मियों को समय पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण में प्रपत्र-17 (डाले गए मतों का लेखा) एवं प्रपत्र-18 (पेपर सील लेखा) के मिलान को अनिवार्य बताया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पहले वार्ड से संबंधित सादे बैलेट पेपर की गिनती की जाएगी, उसके बाद मेयर/अध्यक्ष पद से संबंधित गुलाबी बैलेट पेपर की गणना होगी।
मतगणना प्रक्रिया के तहत मतपेटिका की सील एजेंटों को दिखाने, मतपेटी खोलने के बाद मतपत्रों को टेबल पर व्यवस्थित रखने तथा 50-50 मतपत्रों के बंडल बनाकर गणना करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ और अधिकारियों ने आशा जताई कि प्रशिक्षित कर्मियों की तत्परता से मतगणना कार्य समय पर पूरा होगा।

