Bokaro: ज़िले के तेनुघाट रेंज के तुलबुल क्षेत्र में गुरुवार को अवैध लकड़ी तस्करों ने वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में विभाग के पांच कर्मी घायल हो गए, जबकि तीन सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायलों का इलाज गोमिया के अस्पताल में चल रहा है।

अवैध रूप से पेड़ों की कटाई
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की सूचना पर वन विभाग की टीम गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम ने जंगल में कुछ लोगों को अवैध रूप से पेड़ों की कटाई करते हुए पकड़ा। वन कर्मियों ने मौके से अवैध लकड़ी व उपकरण जब्त कर आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
हमलावर आदतन अपराधी
बताया जाता है कि जब टीम आरोपितों को लेकर लौट रही थी, तभी उनके परिजन व अन्य लोग रास्ता रोककर खड़े हो गए। इसके बाद टीम पर पथराव किया गया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हमलावर आदतन अपराधी हैं। मामले में पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। साथ ही वन अधिनियम के तहत भी अलग से मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हाथी-मानव द्वंद्व
अधिकारियों ने कहा कि विभाग हाथी-मानव द्वंद्व को रोकने और जंगलों की सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चला रहा है। इस तरह की घटनाएं सरकारी कार्य में बाधा डालती हैं और आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालती हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना दें और वन कर्मियों का सहयोग करें।

