Bokaro: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बोकारो जिला प्रशासन ने रविवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में सप्ताहभर चलने वाले महिला महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और जागरूकता से जुड़े कई आयोजन किए गए, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और अलग-अलग क्षेत्रों से आई महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की।

पिंक ऑटो
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से पिंक ऑटो जागरूकता रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह जागरूकता रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देगा। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश पहुंचाना है।
आगे बढ़ रही हैं महिलाएं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने कहा कि आज महिलाएं प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर कई मामलों में पुरुषों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने परिवारों से अपील की कि बच्चों को महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए।

सोच में बदलाव जरूरी
उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि समाज में वास्तविक समानता तभी संभव है जब बेटा और बेटी के बीच भेदभाव खत्म हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे आना होगा। उन्होंने बाल विवाह के खिलाफ अभियान और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जैसी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।
महिलाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि महिला महोत्सव सप्ताह के दौरान जिले में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी, सम्मान और नेतृत्व को बढ़ावा देना है।

