Bokaro: बोकारो के लोगों के लिए रेलवे ने बड़ी सौगात दी है। भारतीय रेल ने पहली बार बोकारो को अमृत भारत एक्सप्रेस से जोड़ने का निर्णय लिया है। यह साप्ताहिक ट्रेन तमिलनाडु के पोदनूर से चलकर धनबाद तक जाएगी और रास्ते में बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन पर भी इसका ठहराव होगा। इससे बोकारो, चास और आसपास के इलाकों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।

पोदनूर से बोकारो
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार 16619 पोदनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को पोदनूर से रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए सोमवार की सुबह करीब चार बजे धनबाद पहुंचेगी। वहीं वापसी में 16620 धनबाद–पोदनूर अमृत भारत एक्सप्रेस सोमवार को धनबाद से प्रस्थान करेगी और बुधवार को पोदनूर पहुंचेगी।
कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह ट्रेन कोयंबटूर, तिरुपुर, इरोड, सलेम, कटपड़ी, तिरुपति, विजयवाड़ा, रायगड़ा, झारसुगुड़ा, राउरकेला, हथिया, रांची, मुरी, बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा और कतरासगढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इससे झारखंड के औद्योगिक क्षेत्रों का दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों से सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।

वेल्लोर जाने वाले मरीजों को बड़ी राहत
ट्रेन शुरू होने से खास तौर पर उन मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी, जो इलाज के लिए वेल्लोर जैसे अस्पतालों में जाते हैं। अभी तक इस क्षेत्र के यात्रियों के लिए दक्षिण भारत जाने के लिए मुख्य रूप से धनबाद–एल्लपी एक्सप्रेस ही एक सीधा विकल्प था। अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रियों को एक और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
बताया जा रहा है कि यह ट्रेन 15 मार्च से नियमित रूप से चल सकती है। हालांकि इस संबंध में आद्रा रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक विकास कुमार ने कहा कि अभी तक उन्हें आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

