Bokaro: ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से अवैध शराब की खेप बरामद की है। इस मामले में कोच अटेंडेंट को हिरासत में लिया गया है। बरामद शराब की कुल संख्या 101 बोतल बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 19,120 रुपये है।

ट्रेन जांच के दौरान मिली संदिग्ध बैग
RPF पोस्ट बीकेएससी की टीम ने 9 मार्च को ‘ऑपरेशन सतर्क/नारकोस’ के तहत अभियान चलाया। इस दौरान SI बलराम मीणा, ASI डी.के. द्विवेदी और कांस्टेबल हेमराज मीणा ने बोकारो स्टील सिटी (BKSC) से चंद्रपुरा तक जाने वाली ट्रेन संख्या 18626 में जांच शुरू की। ट्रेन के A-1 और B-1 कोच की जांच के दौरान बेडरोल कंपार्टमेंट में कुछ बैग संदिग्ध हालत में रखे मिले।
कोच अटेंडेंट से पूछताछ में खुलासा
जब बेडरोल स्टाफ और अटेंडेंट से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बाद में उसने स्वीकार किया कि A-1 और B-1 कोच उसकी जिम्मेदारी में थे और उन्हीं के बेडरोल कंपार्टमेंट में शराब से भरे बैग रखे गए थे।

101 बोतल शराब बरामद
तलाशी के दौरान कुल 101 बोतल शराब बरामद की गई। इसमें 750 एमएल की मैजिक मोमेंट्स वोडका की 9 बोतल, 180 एमएल की ऑफिसर चॉइस व्हिस्की की 87 बोतल और 500 एमएल की हेयवर्ड 5000 बीयर कैन की 5 बोतल शामिल हैं। जब उससे शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध कागजात, रसीद या चालान मांगा गया तो वह कुछ भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
पलामू निवासी अजीत कुमार सिंह की पहचान
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान अजीत कुमार सिंह (32 वर्ष), पिता सुरेश सिंह, निवासी पोलपोल, थाना सतबरवा, जिला पलामू (झारखंड) के रूप में बताई। RPF टीम ने उसे चंद्रपुरा स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया और इस संबंध में ट्रेन के टीटीई व संबंधित सुपरवाइजर को भी सूचना दी।
उत्पाद विभाग को सौंपा गया मामला
RPF ने गवाहों की मौजूदगी में शराब की जब्ती की कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी और बरामद शराब को बोकारो स्थित RPF पोस्ट लाया गया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए बोकारो के उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया।

