Bokaro : सेक्टर-4 स्थित मजदूर मैदान में मंगलवार को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए तीन दिवसीय प्रदर्शनी सह व्यापार मेला का शुभारंभ किया गया। यह मेला 11 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन एमएसएमई-विकास कार्यालय रांची के निदेशक इंद्रजीत यादव, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उत्पादों के प्रदर्शन
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़े कारीगरों और शिल्पकारों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। मेले में बोकारो समेत आसपास के जिलों के करीब 60 कारीगरों और शिल्पकारों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर अपने पारंपरिक उत्पादों का प्रदर्शन किया है।
पारंपरिक कारीगरों के सशक्तिकरण
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सहायक निदेशक गौरव कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस मेले के माध्यम से स्थानीय कारीगरों को अपने हुनर को प्रदर्शित करने, उद्यमिता को बढ़ावा देने और बाजार से सीधा जुड़ने का अवसर मिलेगा। निदेशक इंद्रजीत यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रतिभागियों से डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन मार्केटिंग के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने का आह्वान किया।

तकनीकी सत्र में विशेषज्ञ गौरव अग्रवाल द्वारा प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, पैकेजिंग, लेबलिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की बिक्री के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आईपीपीबी द्वारा लाभुकों को यूपीआई क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा।

