Bokaro: बालीडीह थाना क्षेत्र के गरगा डैम में बुधवार दोपहर करीब दो बजे नहाने के दौरान एक 17 वर्षीय युवक के डूब जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

डैम में नहाने
जानकारी के अनुसार झोपड़ी कॉलोनी निवासी गोलू कुमार अपने पांच-छह दोस्तों के साथ घूमने के लिए गरगा डैम पहुंचा था। बताया जाता है कि झोपड़ी कॉलोनी और आजाद नगर के कुछ दोस्त साथ में घूमने आए थे। इसी दौरान दोस्तों ने डैम में नहाने का फैसला किया और सभी पानी में उतर गए। नहाने के दौरान गोलू अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देख उसके एक दोस्त ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन वह सफल नहीं हो सका और गोलू पानी में लापता हो गया।
गोताखोरों की टीम
घटना की सूचना मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई। खेतको से गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है, जो डैम में युवक की खोजबीन कर रही है। इधर घटना के बाद से इलाके में गमगीन माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे ढूंढ निकालने का प्रयास किया जा रहा है।


