Bokaro: चिरा चास थाना क्षेत्र के सोलागीडीह के पास चास–धनबाद मुख्य मार्ग पर बुधवार देर रात करीब 12 बजे हुए सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नवाडीह पंचायत के काशीडीह गांव निवासी रघुवीर के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

शादी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार रघुवीर एक शादी समारोह से टोटो वाहन से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सोलागीडीह के पास किसी अज्ञात वाहन ने टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रघुवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलने पर गुरुवार सुबह परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मौसी ने जताई नाराजगी
मृतक की मौसी ममता देवी ने कहा कि इतना बड़ा हादसा हो गया, लेकिन क्षेत्र की विधायक श्वेता सिंह अब तक परिवार से मिलने नहीं पहुंचीं। उन्होंने दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक को जल्द पकड़ने की मांग की है।

