Bokaro : चास नगर निगम में अमृत पार्कों के संचालन को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई है। महापौर भोलु पासवान ने शहरी संरचना विशेषज्ञ अमन मलिक को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है।

तीन साल की जगह 10 साल का करार
महापौर के अनुसार, अमृत पार्कों के संचालन के लिए निर्धारित तीन वर्षों के बजाय 10 वर्षों का एकरारनामा कर दिया गया। इतना ही नहीं, संचालकों को पार्कों में अतिरिक्त निर्माण की भी अनुमति दी गई, जो विभागीय निर्देशों के खिलाफ है।
पार्कों में हो रहे वैवाहिक कार्यक्रम
जांच में यह भी सामने आया है कि पार्कों में वैवाहिक कार्यक्रम और अन्य आयोजनों की अनुमति दी जा रही है। महापौर ने इसे नियमों का खुला उल्लंघन और वित्तीय अनियमितता का संकेत बताया है।

वेतन पर भी लगी रोक
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर नगर आयुक्त को सभी कार्यों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच पूरी होने तक अमन मलिक का वेतन भुगतान स्थगित रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।

