Bokaro: बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (PMIS) के तृतीय चरण के तहत युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इस योजना के अंतर्गत कुल 160 युवाओं को विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्योग आधारित व्यावहारिक अनुभव देकर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।

योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को प्रति माह लगभग Rs 9,000 का मानदेय दिया जाएगा, जो भारत सरकार एवं बीएसएल के संयुक्त सहयोग से प्रदान होगा। प्रशिक्षण के लिए इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, सिविल, इंस्ट्रूमेंटेशन, पीएलसी लैब, पावर डिस्ट्रीब्यूशन, मेटलर्जी, लॉजिस्टिक्स, एचआर, कंप्यूटर ऑपरेशन, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, हाइड्रोलिक्स और सिरेमिक इंजीनियरिंग जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।
इस योजना में ITI, डिप्लोमा, स्नातक (B.Sc, BCA, BA) एवं 12वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इंटर्नशिप की अवधि 9 महीने निर्धारित की गई है। आवेदन की प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 25 अप्रैल 2026 तक चलेगी। प्रबंधन ने योग्य युवाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।


