Bokaro: बेरमो थाना क्षेत्र के करगली बाजार स्थित बिलसपुरिया मोहल्ला में मंगलवार देर रात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। एक साथ तीन बंद घरों को निशाना बनाते हुए चोरी की। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, चन्नू लहरे अपने बेटे की शादी के सिलसिले में दो महीने से छत्तीसगढ़ गए हैं। वहीं राजू साहनी रामनवमी के बाद से गोरखपुर में हैं और संतोष कुमार पंकज रविवार को ही बाहर गए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने लोहे के औजार से दरवाजों की कुंडी काटकर घरों में प्रवेश किया और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब पड़ोसियों ने टूटे दरवाजे देखे तो हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


