Bokaro : सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन और सेक्टर-6 थाना प्रभारी संगीता कुमारी के सहयोग से बोकारो में बुधवार को कोटपा-2003 के तहत विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। जिला छापामारी दल के सदस्य मो. असलम के नेतृत्व में सेक्टर-6 डीएवी स्कूल, क्रिसेंट पब्लिक स्कूल, डीपीएस सेक्टर-5, चिन्मया स्कूल, अय्यप्पा स्कूल और चीराचास पुल के आसपास कुल 53 दुकानों की जांच की गई। इस दौरान कानून का उल्लंघन करने वाले 13 दुकानदारों/व्यक्तियों पर कार्रवाई करते हुए 3100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

100 मीटर दायरे में बिक्री पर सख्ती
थाना प्रभारी संगीता कुमारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना है। इसके तहत स्कूलों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर विशेष नजर रखी गई। कई दुकानों पर लगे तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन पोस्टर हटवाए गए और दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में ऐसे पोस्टर न लगाएं, अन्यथा कोटपा की धारा 5 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत पर दुकान में पकड़ी गई बिक्री
जिला परामर्शी मो. असलम ने बताया कि चिन्मया स्कूल के सामने एक दुकान में तंबाकू उत्पाद बेचे जाने की लगातार शिकायत मिल रही थी। छापामारी के दौरान दुकान के अंदर बिक्री करते हुए पकड़ा गया, जिसके बाद कोटपा-2003 की धारा 6बी के तहत चालान किया गया और चेतावनी दी गई।

खुले में धूम्रपान व ढीली सिगरेट पर रोक
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करें। साथ ही दुकानदारों को चेताया गया कि बिना निर्धारित चेतावनी वाले तंबाकू उत्पाद और ढीली सिगरेट की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। उल्लंघन करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

