Bokaro: बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर के सख्त निर्देश के बाद सात जिलों की पुलिस एक्शन मोड में आ गई। विशेष समकालीन अभियान चलाकर पुलिस ने एक ही रात में 79 अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ा संदेश दिया है।

अभियान का उद्देश्य
आईजी ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंट के निष्पादन के लिए सख्त निर्देश दिए थे। उनका मानना है कि बाहर घूम रहे आरोपियों से अपराध की संभावना बढ़ती है, इसलिए इन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजना जरूरी है।
जिलावार गिरफ्तारी का हाल
इस अभियान में सबसे बेहतर प्रदर्शन हजारीबाग जिले का रहा, जहां 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद गिरिडीह में 17, धनबाद में 13, कोडरमा में 11, चतरा में 8 और रामगढ़ में 4 गिरफ्तारी हुई। वहीं बोकारो जिला सबसे पीछे रहा, जहां मात्र 2 आरोपी को ही पकड़ा जा सका।

श्रेणीवार कार्रवाई
पुलिस ने कुल गिरफ्तार अपराधियों में से 30 को श्रेणी-1 (गंभीर अपराधी) और 47 को श्रेणी-2 में रखा है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान के दौरान कई पुराने मामलों में भी प्रगति हुई है।
वारंट निष्पादन में गिरिडीह अव्वल
वारंट निष्पादन के मामले में गिरिडीह जिला सबसे आगे रहा, जहां 64 वारंट का निष्पादन किया गया। हजारीबाग 58 वारंट के साथ दूसरे और चतरा 51 वारंट के साथ तीसरे स्थान पर रहा। धनबाद में 34, रामगढ़ में 24 और बोकारो में मात्र 2 वारंट का निष्पादन हुआ। कुल मिलाकर सातों जिलों में 239 वारंट का निष्पादन किया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि लंबित मामलों का जल्द निपटारा कर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए।

