Bokaro : जिले के फुसरो बाजार स्थित एक स्वर्ण-चांदी दुकान में हुई करीब 15 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने उड़ीसा से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है, जबकि उसका एक सहयोगी फरार है।

घटना 29 मार्च 2026 की है, जब राजेन्द्र प्रसाद दास, निवासी पेटरवार, ने बेरमो थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने बातचीत में उलझाकर उसकी दुकान से सोने की चेन, झुमके और टॉप्स चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर बेरमो थाना कांड संख्या 22/26 दर्ज किया गया।
पुलिस ने तकनीकी जांच, कॉल डंप और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज की। इसी क्रम में चन्द्रपुरा थाना के पुराने मामले से भी कनेक्शन मिला। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम उड़ीसा भेजी गई।

टीम ने निसार अली उर्फ काला (26), निवासी नोवापाड़ा, उड़ीसा को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए चोरी की बात कबूली। उसकी निशानदेही पर 65.19 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये है, बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया है और फरार साथी की तलाश जारी है।

