Bokaro : बुधवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त अजय नाथ झा व उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने सचल पोषण एवं टेली मेडिसीन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के खनन प्रभावित इलाकों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए कार्य करेगा।

कुपोषित बच्चों पर रहेगा खास फोकस
उपायुक्त ने बताया कि इस पहल के तहत बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही उनका डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत इलाज संभव होगा।

डिजिटल मॉनिटरिंग से बेहतर इलाज
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रिकॉर्ड के जरिए बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की समय-समय पर समीक्षा होगी। इससे कुपोषण के खिलाफ लड़ाई को मजबूती मिलेगी और बच्चों के बेहतर भविष्य की राह तैयार होगी।
स्वास्थ्य विभाग करेगा संचालन
यह वाहन सिविल सर्जन के कस्टोडियन में संचालित होगा। समाज कल्याण विभाग जरूरतमंद आंगनबाड़ी क्षेत्रों की पहचान कर सेवा उपलब्ध कराएगा। इस दौरान बच्चों को उपचार के साथ पोषण संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

