Bokaro : झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य में बड़े पैमाने पर पुलिस अधिकारियों का तबादला और पदस्थापन किया है। इस फेरबदल का सीधा असर बोकारो जिले पर भी पड़ा है, जहां पुलिस अधीक्षक, डीआईजी और आईजी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किए गए हैं।


बोकारो में नया नेतृत्व
जारी अधिसूचना के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बोकारो (SP Bokaro) के पद पर तैनात हरविंदर सिंह का तबादला कर उन्हें विशेष शाखा, झारखंड में भेजा गया है। वहीं नाथू सिंह मीणा को बोकारो का नया एसपी बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) आनंद प्रकाश को बोकारो से हटाकर पुलिस मुख्यालय, रांची में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
वरिष्ठ स्तर पर भी बदलाव
राज्य स्तर पर भी बड़े अधिकारियों के दायित्व में परिवर्तन किया गया है। मनोज कौशिक को अतिरिक्त रूप से एडीजी मुख्यालय का प्रभार दिया गया है। पंकज कम्बोज को आईजी मानवाधिकार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं नरेंद्र कुमार सिंह को आईजी अभियान बनाया गया है।

आईजी और डीआईजी स्तर पर फेरबदल
शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को पलामू से स्थानांतरित कर बोकारो (IG Bokaro) में पदस्थापित किया गया है। सुनील भाष्कर को बोकारो से हटाकर झारखंड सशस्त्र पुलिस में भेजा गया है। माइकेलराज एस को आईजी अभियान से हटाकर आईजी रेल बनाया गया है।
जिलों में एसपी स्तर पर बदलाव
कई जिलों में भी पुलिस अधीक्षकों का तबादला किया गया है। निधि द्विवेदी को सरायकेला-खरसावां, आशुतोष शेखर को गढ़वा, प्रवीण पुष्कर को देवघर, मुकेश कुमार लुनायत को रामगढ़, और अजय कुमार को एसीबी में नई जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य महत्वपूर्ण पदस्थापन
इसके अलावा कई अधिकारियों को विभिन्न शाखाओं, जैसे एसआईबी, एटीएस, एससीआरबी और झारखंड सशस्त्र पुलिस में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार ने प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए यह व्यापक फेरबदल किया है। इस बड़े पैमाने पर हुए तबादलों से झारखंड पुलिस महकमे में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर बोकारो में नए एसपी की तैनाती से कानून-व्यवस्था को लेकर नई रणनीति देखने को मिल सकती है।

