Bokaro : बोकारो निवास में बीएसएल (BSL) के शीर्ष प्रबंधन और विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में संयंत्र की वर्तमान प्रगति, उत्पादन स्थिति और आगामी परियोजनाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी के स्वागत संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने श्रमिकों के योगदान की सराहना की।

उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा
निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने गत वर्ष की उपलब्धियों, आगामी लक्ष्यों और इस्पात उद्योग की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते समय में सामूहिक प्रयास और बेहतर तालमेल से ही संयंत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रस्तुतीकरण में दी गई जानकारी
बैठक के दौरान पीपीसी, प्रोजेक्ट्स और मानव संसाधन विभाग की ओर से विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इसमें संयंत्र के परिचालन प्रदर्शन और चल रही विकासात्मक परियोजनाओं की स्थिति साझा की गई।

श्रमिक संगठनों ने रखे सुझाव
इंटक, एटक, सीटू, एचएमएस, बीएमएस, एसएस और जेजेएमएस से जुड़े प्रतिनिधियों ने बैठक में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने सुझाव दिए। विभिन्न मुद्दों पर प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सकारात्मक संवाद हुआ।
समन्वय से ही होगा विकास संभव
निदेशक प्रभारी ने कहा कि संयंत्र की प्रगति में श्रमिकों की भागीदारी अहम है और निरंतर संवाद से ही सुरक्षित व उत्पादक कार्य-संस्कृति विकसित की जा सकती है।
बैठक का संचालन महाप्रबंधक (एचआर) प्रभाकर कुमार ने किया, जबकि मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) अंजनी कुमार शरण ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

