Bokaro: बी.एस. सिटी सेक्टर-04जी की रहने वाली छात्रा प्रिया कुमारी के जीवन में उस समय संकट का पहाड़ टूट पड़ा, जब उसके पिता सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। घर की आर्थिक स्थिति डगमगा गई, लेकिन इन मुश्किल हालातों के बीच भी प्रिया ने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया और पढ़ाई जारी रखने की ठानी।

सोशल मीडिया बना सहारा
प्रिया की परेशानी सोशल मीडिया के जरिए प्रशासन तक पहुंची। मामला सामने आते ही उपायुक्त अजय नाथ झा ने संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित संज्ञान लिया और चास एसडीओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
SDO ने बढ़ाया मदद का हाथ
निर्देश मिलते ही एसडीओ चास प्रांजल ढांडा ने प्रिया से सीधे बातचीत कर उसकी पूरी समस्या को समझा। उन्होंने तुरंत पहल करते हुए संत रविदास पब्लिक स्कूल प्रबंधन से संपर्क साधा, जहां प्रिया पढ़ती है।

अब होगी विशेष परीक्षा
विद्यालय प्रबंधन ने मानवीय पहल दिखाते हुए मई के पहले सप्ताह में प्रिया के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने पर सहमति दी है, ताकि उसकी पढ़ाई बाधित न हो सके।
आगे की पढ़ाई का भी इंतजाम
चूंकि स्कूल केवल कक्षा आठ तक ही है, इसलिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि प्रिया का नामांकन उच्च विद्यालय लकड़ाखंदा में सुनिश्चित कराया जाए।
पिता के इलाज में भी मदद
प्रशासन ने प्रिया के घायल पिता के बेहतर इलाज की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं, ताकि परिवार को इस कठिन समय में सहारा मिल सके।
संवेदनशील प्रशासन का संदेश
जिला प्रशासन ने एक बार फिर साबित किया कि जरूरतमंदों की मदद और बच्चों की शिक्षा उसकी प्राथमिकता है – और हर मुश्किल में वह उनके साथ खड़ा है।

