Bokaro: बोकारो समाहरणालय में शनिवार को जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जिले में आधार नामांकन और अद्यतन कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से 0-5 वर्ष के बच्चों के लिए अनिवार्य रूप से नामांकन शिविर लगाने का निर्देश दिया गया।

हर प्रखंड में बढ़ेंगे आधार केंद्र, विभागों को सक्रियता के निर्देश
बैठक में सभी प्रखंडों में आधार पंजीकरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया गया। डीडीसी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराए गए सभी आधार किट को जल्द सक्रिय करने के लिए पत्राचार करें, ताकि केंद्र शीघ्र शुरू हो सकें। इसके साथ ही IPPB को निर्देशित किया गया कि बच्चों के नामांकन के लिए विशेष कैंप लगाए जाएं, जिनका समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक तय किया गया।
कम कवरेज वाले क्षेत्रों में चलेगा विशेष अभियान
डीडीसी ने स्पष्ट कहा कि जिन क्षेत्रों में आधार कवरेज कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड अब हर सरकारी योजना का आधार बन चुका है, ऐसे में कोई भी पात्र व्यक्ति इससे वंचित न रहे। नवजात, स्कूली बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगों के नामांकन और अपडेट को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।

सेवा में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में आधार केंद्रों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। डीडीसी ने कहा कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त संसाधन और कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। सेवा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समन्वय से काम कर प्रभावी बनेगी व्यवस्था
अंत में डीडीसी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आधार सेवाओं को सुचारू और प्रभावी ढंग से लागू करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में समाज कल्याण, शिक्षा, बैंकिंग और यूआईडी से जुड़े अधिकारी एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

