Bokaro: छात्रा पुष्पा महतो हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई के बाद अब 5 वर्षों से लापता सेजल झा का मामला फिर सुर्खियों में है। लगातार लंबित इस केस को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। चास चेकपोस्ट स्थित सुभाष चंद्र बोस प्रतिमा से लेकर उपायुक्त और एसपी कार्यालय तक बोकारो विकास फोरम के बैनर तले विशाल कैंडल मार्च निकाला गया।

सरकार और पुलिस पर फूटा आक्रोश
फोरम के अध्यक्ष ने तीखे शब्दों में राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरते हुए कहा कि सेजल झा की गुमशुदगी और पुष्पा महतो की हत्या, दोनों मामलों में सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों बीतने के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं, जो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
CBI जांच नहीं तो विधानसभा घेराव की चेतावनी
अध्यक्ष ने केंद्र सरकार के गृह मंत्री से दोनों मामलों की CBI जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बोकारो विकास फोरम विधानसभा का घेराव करेगा।

राजनीतिक चुप्पी पर भी सवाल
प्रदर्शनकारियों ने धनबाद के सांसद और बोकारो विधायक की चुप्पी पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि इन मामलों में प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के कारण सच्चाई दबाई जा रही है।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
कैंडल मार्च में राम झा, रणधीर वर्मा, फिरोज अंसारी, जाकिर अंसारी, रंजीत कुमार, मोहिनी देवी, पूजा कुमारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
न्याय की आस में जनता
लगातार उठ रही आवाजों के बीच अब सवाल यही है कि क्या सेजल झा को न्याय मिलेगा या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

