Bokaro: पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के तहत गुरुवार को मतदान होना है। इसे लेकर बोकारो प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। बुधवार शाम उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने चंदनकियारी प्रखंड के इंटर स्टेट चेकनाका विरखम और मुर्गातल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और तैनात दंडाधिकारी व पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

सीमा पूरी तरह सील, हर गतिविधि पर नजर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ निर्देश दिया कि अंतर्राज्यीय सीमा को पूरी तरह सील रखा जाए। किसी भी परिस्थिति में संदिग्ध या अवांछित तत्वों की आवाजाही न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य मार्गों के साथ-साथ वैकल्पिक रास्तों और पगडंडियों पर भी कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
वाहनों की सघन जांच, पेट्रोलिंग तेज
डीसी और एसपी ने चेकपोस्ट पर तैनात टीम को सभी छोटे-बड़े वाहनों की सघन जांच करने का निर्देश दिया। किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। सीमावर्ती इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और चुनाव आयोग के निर्देशों के सख्त अनुपालन पर जोर दिया गया।

हर बॉर्डर पर चौकसी, प्रशासन अलर्ट मोड में
चास, कसमार और चंदनकियारी सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अंतर जिला सीमाओं पर भी सुरक्षा बल मुस्तैद हैं। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीपीओ प्रवीण कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पूरी तैयारी का दावा किया है।

